मनोज तिवारी के आरोप पर केजरीवाल बोले- मैंने कभी उनके गाने का मजाक नहीं उड़ाया, मुझे उनका वीडियो पसंद


नई दिल्ली. दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी के आरोपों पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पलटवार किया है। केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने कभी तिवारी के गानों का मजाक नहीं उड़ाया। वह खुद उनके वीडियो देखते हैं। केजरीवाल ने उनके डांस की भी तारीफ की। मनोज तिवारी ने आरोप लगाया था कि केजरीवाल ने उनके गाने के जरिए पूर्वांचल की संस्कृति और वहां के लोगों का मजाक उड़ाया है।


न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में केजरीवाल ने कहा कि वे जहां भी जाते हैं, लोगों से मनोज तिवारी के गाने सुनने और डांस करने के लिए कहते हैं। पूर्वांचल के लोग पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के मूल निवासी हैं। वे दिल्ली के हर चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 


'रिंकिया के पापा' पर हुआ बवाल


दिल्ली की भाजपा इकाई ने केजरीवाल पर आरोप लगाया था कि उन्होंने मनोज तिवारी के गानों का मजाक उड़ाते हुए पूर्वांचल के लोगों और उनकी संस्कृति का मजाक उड़ाया है। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख केजरीवाल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, ‘‘मैंने मनोज तिवारी के गाने ‘रिंकिया के पापा’ के लिए कभी उनका मजाक नहीं उड़ाया। अच्छे गानों के लिए मैंने हमेशा उनकी प्रशंसा की है। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि इसमें अपमान और मजाक कहां है।’’


पूर्वांचल के लोग भाजपा के समर्थन में: मनोज तिवारी


मनोज तिवारी ने पिछले महीने दावा किया था कि पूर्वांचल के लोग केजरीवाल सरकार के फ्री वाटर और फ्री बिजली के झांसे में नहीं आने वाले हैं। पूर्वांचल के 98% लोग भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। दिल्ली चुनाव में पूर्वांचल के लोग इसलिए भी भाजपा का समर्थन करेंगे, क्योंकि केजरीवाल और उनकी पार्टी पूर्वांचल के लोगों और उनकी संस्कृति को अपमानित कर रही है।